12 अगस्त 2014 - 18:34
ईरान ने तुर्की के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति को दी बधाई।

इस्लामी रिपब्लिक ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने तुर्की के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान को चुनाव में जीत की बधाई दी और कहा कि यह आशा है कि अब दोनों देशों के बीच संबंध और गहरे होंगे तथा क्षेत्रीय मामलों में दोनों देशों का द्विपक्षीय सहयोग बढ़ेगा।

अबनाः इस्लामी रिपब्लिक ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने तुर्की के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान को चुनाव में जीत की बधाई दी और कहा कि यह आशा है कि अब दोनों देशों के बीच संबंध और गहरे होंगे तथा क्षेत्रीय मामलों में दोनों देशों का द्विपक्षीय सहयोग बढ़ेगा।
डाक्टर रूहानी ने अपनी तुर्की यात्रा और प्रधानमंत्री रहते हुए अर्दोग़ान की तेहरान यात्रा से दोनों देशों के संबंधों में होने वाले विस्तार पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि इन दोनों यात्राओं के दौरान जो समझौते हुए हैं उन्हें व्यवहारिक बनाए जाने की आवश्यकता है।
क्षेत्रीय मामलों में डाक्टर रूहानी ने इराक़, सीरिया तथा फ़िलिस्तीन के संकट में दोनों देशों के सहयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि क्षेत्र विशेषकर इराक़ में आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में आपसी सहयोग महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इराक़ में स्थिति चिंताजनक है और इस देश में जितनी जल्दी संभव हो क़ानूनी सरकार का गठन होना चाहिए। डाक्टर रूहानी ने कहा कि ईरान के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह व्यक्ति बागडोर संभाले जिसे इराक़ी संसद में बहुमत प्राप्त हो और इस संदर्भ में क़ानूनी औपचारिकताएं शुरू हों।
तुर्की के निर्वाचित राष्ट्रपति ने अपने ईरानी समकक्ष का आभार व्यक्त किया और कहा कि तुर्की और ईरान के संबंधों की जड़ें बहुत गहरी हैं और नई सरकार के काल में यह संबंध और भी मज़बूत होंगे तथा क्षेत्रीय मामलों में दोनों देशों का सहयोग बढ़ेगा।
रजब तैयब अर्दोग़ान ने आतंकवाद का मुक़ाबला किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया और इस संदर्भ में ईरान और तुर्की के बीच बढ़ते सहयोग की सराहना की।